 |
श्री संजय कुमार वर्मा
अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक
श्री संजय कुमार वर्मा ने बीआईटी सिंदरी से वर्ष 1988 में बी.एससी (मैकेनिकल इंजीनियर) किया, उन्हें ब्लास्ट फर्नेस के क्षेत्र में व्यापक ज्ञान और अनुभव है। उन्होंने 19 से अधिक ब्लास्ट फर्नेस के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्री वर्मा ने भारतीय ब्लास्ट फर्नेस को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने और यहां तक कि उनसे भी अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु अपने अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
एक उत्कृष्ट प्रौद्योगिकीविद होने के साथ उनके पास विपणन संबंधी गतिविधियों का भी अनुभव है। उनके नेतृत्व में मेकॉन ने व्यवसाय विकास, विपणन और संविदात्मक गतिविधियों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है जिसके परिणामस्वरूप व्यावसायिक खरीद में पर्याप्त वृद्धि हुई है तथा रणनीतिक भागीदारों के साथ कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
श्री वर्मा ने विभिन्न पत्रिकाओं और सेमिनार संग्रहों में प्रकाशित अपने कई प्रकाशनों के माध्यम से अभियांत्रिकी और शैक्षणिक क्षेत्र को भी समृद्ध किया है। श्री वर्मा को उद्योग जगत से कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं जिनमें भारतीय धातु संसद से उत्कृष्टता पुरस्कार (Award of excellence) और आईई(आई) से "भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड" शामिल हैं।
दिनांक 15.01.2020 को श्री वर्मा को कंपनी का निदेशक (वाणिज्यिक) नियुक्त किया गया। उन्हें दिनांक 19.04.2024 से कंपनी का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
वे दिनांक 23.05.2023 से जीपीसीएल कंसल्टिंग सर्विसेज लिमिटेड, मुंबई के बोर्ड में नामित निदेशक भी हैं।
|
 |
श्री मुकेश कुमार
निदेशक (वित्त)
श्री मुकेश कुमार ने 7 दिसंबर, 2022 को मेकॉन के निदेशक (वित्त) का पदभार ग्रहण किया।
श्री कुमार का जन्म वर्ष 1972 में हुआ और इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के एसोसिएट सदस्य हैं और उनके पास वित्त में प्रबंधन डिग्री भी है।
मेकॉन में निदेशक (वित्त) के रूप में शामिल होने से पहले, उन्होंने जुलाई, 2020 से द ब्रेथवेट बर्न एंड जेसोप कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड, कोलकाता में निदेशक (वित्त) के रूप में कार्य किया है। उन्हें अगस्त, 2020 से अगस्त, 2022 की अवधि के लिए स्कूटर्स इंडिया लिमिटेड, लखनऊ निदेशक मण्डल में निदेशक (वित्त) - अतिरिक्त प्रभार के रूप में भी नियुक्त किए गए थे।
द ब्रेथवेट बर्न एंड जेसोप कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड में निदेशक मण्डल स्तर पर नियुक्ति से पहले उन्होंने 12 वर्षों तक प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड (पीडीआईएल) में कार्य किया है। श्री कुमार के पास कॉर्पोरेट लेखों और वित्तीय प्रबंधन के सभी पहलुओं में व्यापक अनुभव के साथ सरकारी, सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में काम करने का 24 वर्षों से अधिक का पर्याप्त और विविध अनुभव है।
|
 |
श्री अमित राज
निदेशक (तकनीकी)
श्री अमित राज ने दिनांक 31.08.2023 को मेकॉन लिमिटेड में निदेशक (तकनीकी) का पदभार ग्रहण किया। 09.01.1969 को पटना में जन्मे श्री अमित ने एनआईटी वारंगल से 1989 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया है और तीन वर्ष से अधिक समय तक हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड में कार्य करने के पश्चात वर्ष 1993 में मेकॉन लिमिटेड में नियुक्त हुए। श्री अमित ने वर्ष 2002 में प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी किया है।
वह इंजीनियरिंग, निर्माण, कमीशनिंग और परियोजना प्रबंधन में 33 वर्षों से अधिक के व्यापक और विविध अनुभव के साथ एक कुशल टेक्नोक्रेट हैं जिसमें साइट सेवाओं के साथ-साथ सार्वजनिक तथा निजी क्षेत्र के ग्राहकों के लिए अनुबंध प्रबंधन भी शामिल है।
उनके पास कोक ओवन बैटरी और कोक ड्राई कूलिंग प्लांट के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। उन्होंने इन परियोजनाओं में संकल्पना से लेकर इनके पूर्ण होने तक कार्य किया है।
उन्होंने स्वदेशी 1.0 एमटी जंबो टॉप चार्ज कोक ओवन बैटरी के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे भारत सरकार से पेटेंट भी प्राप्त हुआ।
|
 |
श्री जयंत कुमार झा
निदेशक (वाणिज्यिक)
श्री जयंत कुमार झा ने 7 मार्च, 2025 को मेकॉन लिमिटेड में निदेशक (वाणिज्यिक) के पद पर कार्यभार ग्रहण किया। वर्ष 1968 में जन्मे श्री झा ने वर्ष 1989 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की पढ़ाई पूरी की।
वे वर्ष 1989 में प्रबंधन प्रशिक्षु (तकनीकी) के रूप में मेकॉन में शामिल हुए तथा उन्हें संरचना और सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है तथा उन्होंने मेकॉन द्वारा निष्पादित कुछ प्रमुख ईपीसी और परामर्श परियोजनाओं के कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
निदेशक (वाणिज्यिक) के रूप में नियुक्त होने से पहले वे कंपनी में मुख्य महाप्रबंधक के रूप में सिविल, परियोजनाएँ, वास्तुकला और परियोजना नियोजन एवं निगरानी (PP&M) विभागों का कार्यभार संभाल रहे थे।
|
 |
श्री राजीव खिल्लन
निदेशक (परियोजनाएं)
श्री राजीव खिल्लन ने 3 फरवरी, 2026 से मेकॉन लिमिटेड में निदेशक (परियोजना) का पदभार ग्रहण किया।
पंजाब कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक श्री खिल्लन ने वर्ष 1991 में मेकॉन लिमिटेड में प्रबंधन प्रशिक्षु (तकनीकी) के रूप में अपना करियर शुरू किया, जहां से विभिन्न परियोजनाओं में नेतृत्व, तकनीकी विशेषज्ञता और परिचालन उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए एक विशिष्ट करियर की शुरुआत हुई।
अपने लगभग तीन दशकों के अनुभव के दौरान, श्री राजीव खिल्लन भारत और विदेश में इस्पात, अलौह और रणनीतिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन से जुड़े रहे हैं। परियोजना प्रबंधन, निर्माण प्रबंधन और अनुबंध प्रबंधन में व्यापक अनुभव के साथ, उन्होंने ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड दोनों क्षेत्रों में परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में हीरो साइकिल्स की स्वदेशी रूप से विकसित पहली 6-हाई कोल्ड रोलिंग मिल परियोजना, राउरकेला की सीसीपी-II, इसरो की दूसरी लॉन्च पैड (एसएलपी) परियोजना, बोकारो स्टील प्लांट के लिए सीआरएम III कॉम्प्लेक्स, भिलाई स्टील प्लांट के लिए लॉन्ग रेल लाइन वेल्डिंग, जेएसडब्ल्यू-तारापुर के लिए टिनिंग कॉम्प्लेक्स, एकीकृत इंजन परीक्षण (आईईटी) और इसरो के लिए सॉलिड प्रोपेलेंट स्पेस बूस्टर प्लांट (एसपीआरओबी) परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने अपने पेशेवर कौशल को और मजबूत करने के लिए आईआईटी, खड़गपुर से इस्पात प्रौद्योगिकी में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी किया है।
निदेशक (परियोजना) का पदभार ग्रहण करने से पहले, श्री खिल्लन मेकॉन बैंगलोर के प्रभारी थे। उन्होंने भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय की प्रमुख परियोजना 'भारत में विशिष्ट इस्पात के लिए उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना' के कार्यान्वयन में नोडल अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
|
 |
श्री विनोद कुमार त्रिपाठी
सरकार द्वारा नामित निदेशक
श्री विनोद कुमार त्रिपाठी, संयुक्त सचिव, इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय रेलवे इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसई 1995) से संबद्ध हैं। वे आईआईटी रुड़की से सिविल इंजीनियरिंग स्नातक हैं। उन्होंने नायर बड़ौदा, इनसीड सिंगापुर और लीडरशिप एंड गवर्नेंस सेंटर (आईसीएलआईएफ) कुआलालंपुर से एडवांस मैनेजमेंट कोर्स किया है। उन्होंने आईएसबी हैदराबाद से रणनीतिक प्रबंधन में प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है।
उनके पास प्रशासन, प्रबंधन और इंजीनियरिंग में व्यापक अनुभव है। इसमें सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम, सार्वजनिक नीति, परियोजनाएं, परिचालन, तकनीकी उन्नति, खरीद एवं सूची प्रबंधन और मानव संसाधन प्रबंधन का प्रबंधन करना शामिल है। वर्तमान में वे इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
|
 |
श्री दया निधान पांडे
सरकार द्वारा नामित निदेशक
श्री दया निधान पांडे, संयुक्त सचिव, इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (बिहार संवर्ग-2006) से संबद्ध हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में एम.ए. और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन, यूके से लोक प्रशासन एवं प्रबंधन में एम.पी.ए. की शिक्षा प्राप्त की है। राजस्व एवं सामान्य प्रशासन के अपने मुख्य क्षेत्र के अलावा उन्हें राज्य सरकार में आबकारी, पंजीकरण, नवीकरणीय ऊर्जा, वित्त, जल संसाधन जैसे क्षेत्रों में कार्य करने का लगभग 10 वर्षों का अनुभव है।
|
 |
श्री सर्वजीत रे
अंशकालिक स्वतंत्र निदेशक
श्री सर्वजीत रे प्रतिष्ठित लागत एवं प्रबंध लेखाकार (सीएमए), सिस्टम ऑडिटर और कर्मठ लीडर हैं। उन्हें वित्तीय अभिशासन, लागत प्रबंधन, आईटी एशुरेंस, उद्यम जोखिम और रणनीतिक व्यावसायिक सलाहकार सहित कई क्षेत्रों में व्यापक अनुभव है। पेशेवर कार्यकाल में उनको बिजली उत्पादन और ट्रांसमिशन, रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल्स और भारी विनिर्माण जैसे जटिल और अत्यधिक विनियमित क्षेत्रों का व्यापक अनुभव शामिल है। वे महत्वपूर्ण प्रबंधकीय निर्णय लेने और दीर्घकालिक मूल्य सृजन हेतु वित्तीय बुद्धिमत्ता, परिचालन दक्षता, प्रौद्योगिकी नियंत्रण और कॉर्पोरेट अभिशासन को जोड़ने की विशिष्ट क्षमता रखते हैं।
आईसीएमएआई के एक फेलो लागत एवं प्रबंध लेखाकार (सीएमए) और एक अनुभवी सिस्टम ऑडिटर के रूप में उनकी विशेषज्ञता में लागत लेखा परीक्षा, लागत अनुकूलन, एमआईएस और रिपोर्टिंग, ईआरपी सिस्टम, आईटी सामान्य नियंत्रण, एप्लिकेशन की अखंडता, पहुँच शासन, जोखिम प्रबंधन और रणनीतिक संसाधन आवंटन शामिल हैं।
पेशेवर उपलब्धियों के अतिरिक्त श्री रे ने गैर-सरकारी संगठनों, ट्रस्टों और सामुदायिक संगठनों के साथ सहयोग के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, विजन केयर, आपदा राहत और जिम्मेदार सामुदायिक विकास पर केंद्रित पहलों में योगदान दिया।
|
 |
डॉ. तरुण शर्मा
अंशकालिक स्वतंत्र निदेशक
डॉ. तरुण शर्मा एक प्रसिद्ध शिक्षाविद् और इतिहासकार हैं। उन्हें लेखक और संपादक के रूप में व्यापक अनुभव प्राप्त है। एक कुशल और प्रेरक वक्ता के रूप में डॉ. शर्मा ने भारत विकास परिषद, अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना जैसे विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संगठनों में उच्च-स्तरीय जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाया है। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2024 से आगरा कॉलेज प्रबंधन ट्रस्ट के सदस्य के रूप में नामित किया गया है, जो आगरा में स्थित वर्ष 1823 में स्थापित उत्तर प्रदेश का एक प्रतिष्ठित स्नातकोत्तर कॉलेज है।
वर्तमान में जनता इंटर कॉलेज, मिधकुर, आगरा में उप-प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत हैं। जनता इंटर कॉलेज में शामिल होने से पहले, वह आगरा के आर.बी.एस. कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग और आगरा की डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में व्याख्याता थे। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और विश्वविद्यालय-स्तरीय सेमिनारों में भाग लिया है और "25 से अधिक शोध पत्र" प्रकाशित किए हैं। वह 'परीक्षा पे चर्चा- 2019' के लिए यूपी प्रतिनिधिमंडल के राज्य समन्वयक थे - जो भारत के प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित एक वार्षिक कार्यक्रम है और उन्होंने इंटरैक्टिव सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्हें शिक्षा, सामुदायिक जागरूकता और सामाजिक सेवा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग, आगरा के जिला प्रशासन, रोटरी क्लब आगरा और कई अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा सम्मानित किया गया है।
|
 |
श्री नीरज कुमार पंथरी
अंशकालिक स्वतंत्र निदेशक
श्री नीरज कुमार पन्थरी उत्तराखंड के पौरी गढ़वाल के एक उद्यमी हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान में बी.ए. और एम.ए. की डिग्री प्राप्त की है।
श्री पंतरी ने लोक प्रशासन और सामुदायिक अभिशासन में विशेषज्ञता हासिल की है। उन्हें दिनांक 20 जुलाई, 2026 से मेकॉन लिमिटेड के अंशकालिक स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
|